हरियाणा के सिरसा में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के इस्तीफे की मांग कर रहे किसानों ने अब बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। इससे पहले पुलिस ने किसानों को उपमुख्यमंत्री के आवास की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया। इससे नाराज किसानों ने बेमियादी धरना शुरू कर दिया। हिंद किसान से खास बातचीत में स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने यह जानकारी दी।
मंगलवार को सिरसा के दशहरा मैदान में हजारों किसानों ने केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में दुष्यंत चौटाला और ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह चौटाला के इस्तीफे की मांग को लेकर जुटे। इसके बाद सभी किसान दुष्यंत चौटाला का आवास को घेरने जा रहे थे। इस दौरान किसानों ने भुम्मणशाह चौक पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहीं पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर इन किसानों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। लेकिन किसान जब आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उनके खिलाफ वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया।
इस बीच उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने खुद के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी है। वे किसान आंदोलन से पहले सोमवार रात को चंडीगढ़ रवाना हो गए थे। इसको लेकर स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि उनके पास किसानों के सवालों का जवाब नहीं था, इसलिए वे चंडीगढ़ भाग गए।
दुष्यंत चौटाला ने खेती से जुड़े कानूनों को किसानों के हित में बताया था। जिससे किसान और किसान संगठन नाराज थे। कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान लगातार हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आपको बता दें कि खेती से जुड़े कानूनों पर विवाद के बाद शिरोमणी अकाली दल भी केंद्र की एनडीए सरकार से बाहर हो गई थी।
सिरसा में किसान आंदोलन की तस्वीरें